थाना बिलरियागंज क्षेत्र में नहर में मिली थी युवती लाश
आजमगढ़: थाना बिलरियागंज क्षेत्र में एक युवती की हत्या कर नहर में फेंकी गई लाश के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मृतका अनीता यादव (21 वर्ष) की हत्या के आरोप में उसके भाई राजू यादव (31 वर्ष) और बहन संगीता यादव (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना मधनापार (रामपुर) गांव में हुई, जहां अनीता की लाश बघैला मधनापार नहर में मिली थी। गौरतलब है कि 20 मार्च 2025 को मृतका के पिता अवधू यादव ने थाना बिलरियागंज में तहरीर दी थी। उनके अनुसार, उनकी बेटी अनीता 18 मार्च 2025 से घर से गायब थी, जिसकी गुमशुदगी उनके बेटे राजू यादव ने 18 मार्च को ही थाने में दर्ज कराई थी। 20 मार्च को सुबह 6-7 बजे गांव के एक व्यक्ति ने सूचना दी कि अनीता की लाश नहर में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर पिता और भाई ने लाश की शिनाख्त की और आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बेटी की हत्या कर लाश को नहर में फेंक दिया। इस आधार पर थाने में मुकदमा संख्या 82/25, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम गोपनीय सूत्रों, साक्ष्य संकलन और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की तह तक पहुंची। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि अनीता की हत्या में उसका भाई राजू यादव और बहन संगीता यादव शामिल थे। पुलिस ने पाया कि हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद कारण हो सकता है। इसके बाद अभियोग में धारा 238 बीएनएस को भी जोड़ा गया।25 मार्च 2025 को दोपहर करीब 2:50 बजे दोनों अभियुक्तों को उनके घर मधनापार (रामपुर) से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान नियमानुसार उन्हें कारणों से अवगत कराया गया। पुलिस अब मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।गिरफ्तार अभियुक्तराजू यादव, पुत्र अवधू यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी मधनापार, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़।संगीता यादव, पुत्री अवधू यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी मधनापार, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़।पुलिस टीमगिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे के साथ हेड कांस्टेबल रामनिवास यादव, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार यादव, कांस्टेबल विकास कुमार यादव और महिला आरक्षी नीलम देवी शामिल थे। दर्ज मुकदमा संख्या 82/25, धारा 103(1)/238 बीएनएस, थाना बिलरियागंज, आजमगढ़।पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले के सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।
Blogger Comment
Facebook Comment