.

.
.

आजमगढ़: आदर्श अमृत सरोवर का निरीक्षण कर प्रसन्न हुए मुख्य सचिव



यह सरोवर प्रदेश के सबसे सच्चे सरोवरों में से एक है,यहां इसे पर्यटन स्थल बनाएं - दुर्गा शंकर मिश्र

आजमगढ़ 22 जून-- उ0प्र0 के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र ने आज जनपद के भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत ग्राम मोहब्बतपुर ब्लॉक सठियांव में आदर्श अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने कहा कि जितने भी तालाब, पोखरों का अस्तित्व समाप्त हो चुका है, उनको अस्तित्व में लाने के लिए प्रधानमंत्री ने अमृत सरोवर योजना चलायी है। उन्होने कहा कि यह सरोवर प्रदेश के सबसे अच्छे सरोवरों में से एक है। उन्होंने इसके लिए प्रधान एवं ब्लाक प्रमुख को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अमृत सरोवर योजना की परिकल्पना को साकार करने के लिए पूरे प्रदेश में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत अमृत सरोवर बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन एवं दिशा निर्देशन में प्रदेश में अमृत सरोवर निर्माण की कार्य योजना प्रारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर निर्माण में प्रदेश नंबर एक पर है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में 25 हजार अमृत सरोवर निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें से 16909 बनकर तैयार हो गए हैं। उन्होंने बताया कि अमृत सरोवर जल संचय का सबसे अच्छा स्रोत है, इसके निर्माण से बारिश का पानी रुकेगा तथा जलस्तर में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इससे जानवरों, पशु-पक्षियों एवं मनुष्यों को भी पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर के पास हरियाली को बढ़ायें तथा मनोरंजन के साधन विकसित करें। यहां ओपन जिम भी स्थापित किया गया है, जिससे लोग मनोरंजन के साथ ही अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि यहां आयें, योगा करें। मुख्य सचिव ने कहा कि इसको पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाए, जिससे लोगों के आय का स्रोत भी बढ़ेगा। यहां लोग छोटी-छोटी दुकान लगाकर आय भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यहां पर पर्याप्त भूमि की उपलब्धता है, इसको और अधिक विस्तार करें। इसमे मछली पालन भी कर सकते हैं।
मुख्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से अमृत सरोवर योजना के साथ ही खेत तालाब योजना तथा खेत में मेड़बंदी योजना भी चलाई जा रही है, इससे खेतों की सिंचाई आसानी से होगी तथा खेतों के मेड़ों पर पेड़ लगाकर प्राकृतिक वातावरण को शुद्ध तथा जल संरक्षण में मदद मिलेगी एवं प्रकृति को भी बचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस साल प्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से पेड़ लगाने का अनुरोध किया तथा अपनी मां के नाम पर वृक्षारोपण अभियान में एक पेड़ अवश्य लगें। उन्होंने अमृत सरोवर स्थल पर अमृत वाटिका लगाने एवं अमृत फलकम भी बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इसके आसपास के अतिक्रमण को हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सरोवर के जल स्तर को मापने के लिए लट्ठा लगाया जाए। इसके किनारे नींबू, करौंदा, मेहंदी एवं हरियाली के लिए अच्छे पौधे लगाए जाएं।
मुख्य सचिव का जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने स्मृति चिन्ह देकर एवं ब्लाक प्रमुख ने शाल भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर मुख्य सचिव ने अमृत सरोवर पर वृक्षारोपण भी किया।
इस अवसर पर एसडीएम सदर ज्ञानचन्द गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आईएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा, खंड विकास अधिकारी सठियांव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share on Google Plus

रिपोर्ट आज़मगढ़ लाइव

आजमगढ़ लाइव-जीवंत खबरों का आइना ... आजमगढ़ , मऊ , बलिया की ताज़ा ख़बरें।
    Blogger Comment
    Facebook Comment