रविवार को नदी में लापता हुआ था मृतक, सोमवार को अइनिया गांव के पास उतराया मिला शव
आज़मगढ़: नगर कोतवाली क्षेत्र के राजा का किला स्थित अइनिया गांव के पास सोमवार को नदी में वृद्ध का शव मिलने से सनसनी फैल गई। वृद्ध रविवार की शाम को तमसा नदी के मोहटी घाट पर नहाते समय नदी में लापता हो गया था। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नगर कोतवाली क्षेत्र के कोलघाट निवासी 60 वर्षीय हरिराम निषाद पुत्र बब्बन निषाद रोज की तरह रविवार को तमसा नदी के मोहटी घाट पर स्नान के लिए गए था। नहाते समय वह नदी में डूब गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि स्नान करने से पहले शौच कर नदी में हाथ धो रहा था। इसी बीच अनियंत्रित हो कर नदी में गिर गया। शोर मचाते हुए लोगों ने बचाव का प्रयास किया लेकिन उसका पता नहीं चला। देर शाम तक लोगों ने नदी में वृद्ध की तलाश की थी। सोमवार की सुबह राजा किला स्थित अइनिया गांव के पास नदी में उतराया हुआ शव मिला। मृतक को तीन पुत्र व तीन पुत्री है। वह मजदूरी करता था।
Blogger Comment
Facebook Comment